
चिराग पासवान बोले – बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही रहेंगे, चुनाव लड़ने से लाभ मिला तो मैदान में उतरूंगा
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने रायपुर में स्पष्ट किया कि बिहार के मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई रिक्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में नीतीश कुमार राज्य के मुख्यमंत्री हैं और आगामी विधानसभा चुनावों के बाद भी वे ही इस पद पर बने रहेंगे।
पासवान से जब पूछा गया कि क्या वे बिहार के अगले मुख्यमंत्री बन सकते हैं, तो उन्होंने इस संभावना को नकारते हुए कहा कि अगर विधानसभा चुनाव में उनके उतरने से पार्टी को लाभ मिलता है, तो वे निश्चित तौर पर चुनाव लड़ेंगे।
▶ छत्तीसगढ़ में लोजपा का विस्तार
रायपुर प्रवास के दौरान चिराग पासवान ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ में पार्टी का विस्तार धीरे-धीरे किया जा रहा है। संगठन को मजबूत करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के कई नेता पहले ही राज्य का दौरा कर चुके हैं और संगठनात्मक समीक्षा कर चुके हैं।
पासवान ने बताया कि नागालैंड और झारखंड जैसे राज्यों में लोजपा पहले ही अपने जनप्रतिनिधियों को स्थापित कर चुकी है। अब उत्तर प्रदेश, पंजाब और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में भी पार्टी विस्तार की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
▶ केंद्र नहीं, बिहार मेरी प्राथमिकता
केंद्रीय मंत्री होने के बावजूद चिराग पासवान का कहना है कि वे लंबे समय तक केंद्र की राजनीति में नहीं रहना चाहते। उन्होंने कहा कि राजनीति में आने का उनका मुख्य उद्देश्य बिहार और वहां की जनता की सेवा करना है।
उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य है कि बिहार विकसित राज्यों की सूची में शामिल हो। “बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट” उनका स्पष्ट विज़न है। उन्होंने इस भावना को पार्टी के सामने भी रखा है और यह भी जताया कि वे बिहार की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाना चाहते हैं।
▶ विधानसभा चुनाव में उतरने को तैयार
पासवान ने कहा कि अगर पार्टी को उनके चुनाव लड़ने से लाभ होने की संभावना दिखती है, तो वे विधानसभा चुनाव में जरूर हिस्सा लेंगे। उन्होंने बीजेपी का उदाहरण देते हुए बताया कि जब केंद्र के नेता राज्य चुनाव में उतरे हैं, तो उसका लाभ पार्टी को मिला है।
उनके मुताबिक, यदि विधानसभा में उनके चुनाव लड़ने से पार्टी को मजबूती मिलती है और स्ट्राइक रेट बेहतर रहता है, तो वे जरूर मैदान में उतरेंगे। उन्होंने लोकसभा चुनाव में अपनी 100% स्ट्राइक रेट का भी उल्लेख किया।
▶ पार्टी की रणनीति और सीट चयन
सूत्रों की मानें तो लोजपा रामविलास चिराग पासवान को बिहार विधानसभा चुनाव में उतारने की तैयारी कर रही है। संभावना है कि वे सुरक्षित सीट की बजाय सामान्य सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। सीट चयन को लेकर पार्टी स्तर पर मंथन जारी है।
▶ प्रशांत किशोर का समर्थन
राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने चिराग पासवान के चुनाव लड़ने के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि चिराग जाति और धर्म आधारित राजनीति से अलग सोच रखते हैं, और यदि वे राज्य की राजनीति में सक्रिय होते हैं, तो यह बिहार के लिए सकारात्मक कदम होगा।
▶ एनडीए के साथ चुनाव में उतर सकते हैं
सूत्रों की माने तो चिराग पासवान बिहार विधानसभा चुनाव NDA के साथ मिलकर लड़ सकते हैं और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में प्रचार भी कर सकते हैं। इसका उद्देश्य गठबंधन की मजबूती बढ़ाना होगा।
▶ चुनाव कब होंगे?
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए संभावित तारीखें अब चर्चा में हैं। चुनाव आयोग द्वारा अभी तारीखों की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि चुनाव सितंबर के अंत से अक्टूबर तक तीन चरणों में हो सकते हैं। नवंबर के पहले सप्ताह तक परिणाम आने की संभावना है, क्योंकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का कार्यकाल 22 नवंबर 2025 तक है।
नगरी के 16 वर्षीय युवक की समुद्र में डूबने से मौत, उड़ीसा के पुरी में हुआ हादसा