Chhattisgarh Job Scam News-
छत्तीसगढ़ के एक बीजेपी नेता पर नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये लेने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक (SP) से की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि नेता ने प्रभावशाली संबंधों का हवाला देकर नौकरी लगवाने का झांसा दिया और फिर न नौकरी मिली, न पैसे वापस किए गए।
दुर्ग जिले के BJP नेता जय प्रकाश यादव पर लगे आरोप
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के बीजेपी नेता जेपी यादव (जय प्रकाश यादव) के खिलाफ यह गंभीर शिकायत सामने आई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि जय प्रकाश यादव ने खुद को प्रभावशाली बीजेपी नेता बताते हुए और बड़े नेताओं व मंत्रियों से करीबी संबंध होने का दावा कर 6 लोगों को SI, स्टाफ नर्स, प्यून और DG कांस्टेबल जैसे पदों पर नौकरी लगवाने का वादा किया।
आरोप है कि इस दौरान जय प्रकाश यादव ने कुल 16 लाख रुपये वसूले।
बालोद निवासी ने SP से की लिखित शिकायत
यह शिकायत देवगहन, अर्जुन्दा (बालोद) निवासी मिथलेश कुमार साहू ने पुलिस अधीक्षक को दी है। उन्होंने बताया कि जय प्रकाश यादव ने 2021 में उनके बच्चों और अन्य परिजनों को सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिया था।
शिकायतकर्ता के अनुसार, जय प्रकाश यादव ने दावा किया था कि उनकी मंत्रियों और बड़े नेताओं से सीधी पहुंच है, जिससे नौकरी लगवाना आसान है।

जमीन बेचकर कैश में दिए 16 लाख रुपये
मिथलेश कुमार साहू के अनुसार, उन्होंने अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पैतृक जमीन बेचकर चार किस्तों में पूरे 16 लाख रुपये कैश में जय प्रकाश यादव को दिए थे। लेकिन न तो किसी की नौकरी लगी और न ही पैसे वापस किए गए।
किस पद के लिए कितने पैसे लिए गए?
शिकायत में बताया गया है कि—
-
भाई के लिए SI पद — ₹4 लाख
-
बेटी के लिए स्टाफ नर्स — ₹4 लाख
-
बहू के लिए नौकरी — ₹3 लाख
-
दो बेटों के लिए (प्रत्येक) — ₹2-2 लाख
-
एक अन्य व्यक्ति द्वारा अपने बेटे के लिए प्यून पद — ₹2 लाख
इस तरह कुल रकम ₹16 लाख बताई गई है।
व्हाट्सएप चैट और कॉल रिकॉर्डिंग भी सौंपी
पीड़ितों ने अपनी शिकायत के साथ जय प्रकाश यादव से हुई व्हाट्सएप बातचीत के स्क्रीनशॉट और फोन कॉल की वॉइस रिकॉर्डिंग भी सबूत के तौर पर पुलिस को सौंपी है।

पैसे मांगने पर टालमटोल का आरोप
शिकायतकर्ता का कहना है कि जब उन्होंने पैसे वापस मांगे, तो जय प्रकाश यादव लगातार बात को टालते और घुमाते रहे। पीड़ित ने कहा—
“अब स्थिति बहुत खराब हो गई है। इतनी बड़ी रकम फंस गई है। अगर पैसे वापस नहीं हुए तो आत्महत्या करने की नौबत आ सकती है।”
आरोपों पर BJP नेता ने किया इनकार
इस पूरे मामले में बीजेपी नेता जय प्रकाश यादव का कहना है कि उन्हें झूठे मामले में फंसाया जा रहा है और इस प्रकरण से उनका कोई लेना-देना नहीं है।

