
छत्तीसगढ़ गर्मी अलर्ट: छत्तीसगढ़ में फिर से गर्मी ने जोर पकड़ा है। आने वाले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे प्रदेश के कई इलाकों में लू जैसे हालात बन सकते हैं। इस बीच बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में कमी आने के बाद अब राज्य में दिन और रात के तापमान में क्रमशः 1 से 2 डिग्री तक की बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। इस समय राज्य में सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में दर्ज किया गया, जहां पारा 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राजधानी रायपुर में भी तापमान 40.8 डिग्री रहा जबकि न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बस्तर संभाग में येलो अलर्ट: अंधड़ और बिजली गिरने की चेतावनी
बस्तर संभाग के अंतर्गत आने वाले कोंडागांव, नारायणपुर, बीजापुर, बस्तर, दंतेवाड़ा और सुकमा जिलों में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की आशंका है।
सरगुजा संभाग में गर्मी की दस्तक
उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में भी गर्मी ने प्रभाव दिखाना शुरू कर दिया है। अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जैसे जिलों में भी दिन का तापमान 35 से 38 डिग्री के बीच रिकॉर्ड हुआ है।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) में भी पारा चढ़ा
जीपीएम क्षेत्र में भी लू जैसे हालात बनते जा रहे हैं। शनिवार को यहां का अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री और न्यूनतम 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे आम लोगों को भारी गर्मी का सामना करना पड़ा।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे दोपहर के समय धूप से बचें, शरीर में पानी की कमी न होने दें और अत्यधिक जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। विशेषकर बस्तर संभाग के किसानों और ग्रामीणों को बिजली गिरने की संभावित घटनाओं को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने की चेतावनी दी गई है।
छत्तीसगढ़ इनसाइड न्यूज़ के वाट्सअप ग्रुप में एड होने के लिए क्लिक करे