
CG News
दंतेवाड़ा/मुलेर, 15 मई 2025। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार कार्यक्रम के तहत बस्तर अंचल के सुदूरवर्ती गांव मुलेर का दौरा किया। यहां उन्होंने गांव के इमली के पेड़ के नीचे परंपरागत अंदाज में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री का स्वागत गांववासियों ने महुआ व आमपत्ती से बने हार और गौर मुकुट पहनाकर किया, जिससे आयोजन में स्थानीय संस्कृति की झलक दिखाई दी।
मुख्यमंत्री के साथ मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इन वरिष्ठ अधिकारियों का स्वागत छिंद पत्तों से बने पारंपरिक गुलदस्तों से किया, जिससे पूरा वातावरण आत्मीयता और सांस्कृतिक समरसता से भर गया।
हेलीकॉप्टर से गांव आगमन, योजनाओं की हकीकत देखी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का हेलीकॉप्टर सीधे मुलेर गांव में उतरा। गांव पहुंचते ही उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने यह जाना कि लाभ वास्तव में पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रहा है या नहीं। साथ ही, ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और तत्काल अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी और पीडीएस का निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने ग्राम मुलेर के आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया, बच्चों से बातचीत की और उन्हें चॉकलेट भी वितरित किए। इसके अलावा, उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) की भी समीक्षा की और स्थानीय नागरिकों से राशन वितरण में पारदर्शिता व नियमितता के बारे में जानकारी ली।
“सुशासन तिहार” बना जनसंवाद का माध्यम
मुख्यमंत्री ने कहा कि “सुशासन तिहार” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता से सीधे जुड़ने और नीतियों की वास्तविक स्थिति जानने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब वे मौजूद जरूरतमंदों तक प्रभावी ढंग से पहुंचें।
कार्यक्रम के दौरान साथ आए वरिष्ठ अधिकारियों ने भी विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और ग्रामीणों की मांगों व सुझावों पर गंभीर विचार का आश्वासन दिया।