CG New Chief Secretary -रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विकासशील को नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। वे प्रदेश के 13वें मुख्य सचिव होंगे। 30 सितंबर को मौजूदा मुख्य सचिव अमिताभ जैन के रिटायरमेंट के बाद वे यह जिम्मेदारी संभालेंगे।
चार सीनियर IAS अफसरों को किया सुपरसीड
इस नियुक्ति में चार वरिष्ठ अफसरों को सुपरसीड किया गया है। इनमें रेणु गोनेला पिल्ले, सुब्रत साहू, अमित अग्रवाल और मनोज कुमार पिंगुआ शामिल हैं। आदेश जारी होने के बाद अब विकासशील 30 सितंबर की शाम को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करेंगे।
पदभार ग्रहण की परंपरा
परंपरा के अनुसार जिस दिन नया मुख्य सचिव पदभार लेता है, उस दिन कोई बड़ी बैठक नहीं होती। केवल मुख्यमंत्री से मुलाकात होती है। इसके अगले दिन मंत्रालय में अफसरों के साथ परिचयात्मक बैठक आयोजित की जाएगी।
पौने चार साल का होगा कार्यकाल
विकासशील का जन्म जून 1969 में हुआ था। इस हिसाब से वे जून 2029 में 60 वर्ष के होंगे। यानी 30 सितंबर 2025 से पदभार लेने के बाद उनका कार्यकाल करीब पौने चार साल का होगा।
यह उन्हें छत्तीसगढ़ का तीसरा सबसे लंबा कार्यकाल देने वाला मुख्य सचिव बनाएगा।
अब तक सबसे लंबा कार्यकाल अमिताभ जैन का रहा है, जिन्होंने 4 साल 10 महीने तक यह जिम्मेदारी संभाली।
उनके बाद विवेक ढांड ने लगभग 3 साल 11 महीने तक काम किया था।
क्यों अहम है विकासशील की नियुक्ति?
लंबे कार्यकाल के कारण प्रशासनिक स्थिरता और योजनाओं की निरंतरता बनी रहेगी। माना जा रहा है कि उनकी नियुक्ति से शासन की नीतियों को गति और स्थायित्व मिलेगा।
मुख्य सचिव बनने की योग्यता
इस पद के लिए सामान्यत: 30 से 33 साल की प्रशासनिक सेवा पूरी होना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री आमतौर पर राज्य के सबसे वरिष्ठ IAS अधिकारी को मुख्य सचिव नियुक्त करते हैं।
इस पद के लिए कोई तय कार्यकाल नहीं होता, लेकिन जरूरत पड़ने पर कार्यकाल बढ़ाया भी जा सकता है।
नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री की मंजूरी आवश्यक होती है।
