
CG Breaking -कोंडागांव में 10 लोगों की घर वापसी
छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में दो परिवारों के कुल 10 लोगों ने ईसाई धर्म त्यागकर अपने मूल आदिवासी धर्म में वापसी की है। इनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। बताया गया कि ये लोग पिछले तीन से चार वर्षों से ईसाई धर्म में थे और उन्हें प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराया गया था।
घर वापसी करने वाले लोगों ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए बताया कि वे मानसिक दबाव में थे। बीमारियों के इलाज के नाम पर उनसे प्रार्थना कराई गई, विशेष पानी पिलाया गया और तेल लगाने को दिया गया। बीमारी के ठीक होने के बाद उन्हें ईसाई धर्म में बनाए रखा गया।
“ब्रेनवॉश” का आरोप
इन लोगों ने बताया कि उन्हें बाइबिल पढ़ने के लिए दी जाती थी, जिसमें लगातार ईसाई धर्म के नियम बताए जाते थे, जिससे मानसिक रूप से प्रभावित किया जाता था। बाद में जब समस्याएं फिर से शुरू हुईं और सामाजिक बाधाएं सामने आने लगीं, तब उन्होंने अपने मूल धर्म में लौटने का निर्णय लिया।
बीमारी ठीक होने का दावा, फिर पछतावा
गेंद लाल मरकाम ने बताया कि उनका बच्चा बुखार से पीड़ित था। इलाज के लिए वे एक मिशनरी केंद्र गए, जहां प्रार्थना कराई गई और विशेष पानी दिया गया। बच्चा ठीक हो गया, लेकिन कुछ समय बाद फिर दिक्कतें बढ़ गईं। सामाजिक बाधाओं का एहसास होने पर उन्होंने धर्म में वापसी का फैसला लिया।
राजेश मंडावी ने भी बताया कि उन्हें कमर और पेट दर्द की समस्या थी। उन्हें भी प्रार्थना और तेल दिया गया था। शुरुआत में लाभ मिला, लेकिन कुछ महीनों में दिक्कतें फिर से लौट आईं।
समाज प्रमुख ने जताई जाति जनगणना में संकट की आशंका
समाज प्रमुख रंगीलाल मरकाम ने कहा कि धर्म परिवर्तन से जातिगत जनगणना में समस्याएं पैदा हो सकती हैं। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में अड़चन आएगी। उन्होंने बताया कि गोंडवाना समन्वय समिति के नेतृत्व में यह घर वापसी कराई गई और पारंपरिक रीति-रिवाज से सभी का स्वागत किया गया।
“हजारों लोग अब भी फंसे हैं” – सामाजिक चिंता
शंकर मरकाम भीमा ने कहा कि बस्तर संभाग में धर्मांतरण एक गंभीर सामाजिक विषय है। यह नक्सलवाद के बाद सबसे बड़ी चुनौती है। उन्होंने दावा किया कि अभी भी हजारों लोग अन्य धर्मों में फंसे हुए हैं, जिनकी घर वापसी के प्रयास किए जा रहे हैं।
समाज लगातार इस मुद्दे पर जनजागरूकता अभियान चला रहा है, और आने वाले समय में बड़ी संख्या में लोगों के अपने मूल धर्म में लौटने की संभावना है।
Source -Dainik Bhaskar