CG Accident News-
छत्तीसगढ़ में शुक्रवार देर रात और शाम हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। रायपुर जिले के आरंग में तेज रफ्तार कार डिवाइडर और पोल से टकरा गई, जिससे 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बिलासपुर में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक रेलकर्मी समेत दो लोगों ने दम तोड़ दिया।

देखिए हादसे की तस्वीरें…






रायपुर में डिवाइडर और पोल से टकराई कार, 3 युवकों की मौत
पहला हादसा रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर पारागांव के पास हुआ। पुलिस के अनुसार टाटा विस्टा कार (CG 04 HD 2156) में चार युवक सवार थे, जो महासमुंद में एक रिश्तेदार को छोड़कर वापस लौट रहे थे।
वापसी के दौरान देर रात कार चालक ने नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार के कारण कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर उछलकर सड़क किनारे लगे पोल से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मृतकों की पहचान
इस हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनकी पहचान इस प्रकार हुई है:
-
हर्ष कुमार देवांगन (21 वर्ष)
-
राहुल देवांगन (20 वर्ष)
-
थानू सतनामी (22 वर्ष)
वहीं चौथे युवक मिथलेश धीवर (23 वर्ष) गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।
आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

बिलासपुर में दो बाइक की टक्कर, रेलकर्मी समेत 2 की मौत
दूसरा हादसा बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में हुआ, जहां दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, भरवीडीह निवासी मनहरण कमल (61 वर्ष), जो रेलवे में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे, ड्यूटी के लिए कोटा रेलवे स्टेशन जा रहे थे। उसी दौरान सामने से आ रही दूसरी तेज रफ्तार बाइक से उनकी टक्कर हो गई।
दूसरी बाइक पर सवार शिव धनुहार (35 वर्ष) और कृष्णा धनुहार एक बारात में शामिल होने जा रहे थे।
मौके पर ही दो लोगों की मौत
टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने से मनहरण कमल और शिव धनुहार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कृष्णा धनुहार गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया है।

पुलिस जांच जारी, तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन नियंत्रण खोना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
इन हादसों के बाद संबंधित क्षेत्रों में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
