Brutal Women Murder Case | गरियाबंद:
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाला हत्या का मामला सामने आया है। आपसी विवाद और कथित बदनामी के आरोपों के चलते दो महिलाओं ने मिलकर अपनी ही सहेली की निर्मम हत्या कर दी। पुलिस जांच में सामने आया है कि पीड़िता को पहले गंभीर रूप से प्रताड़ित किया गया और फिर पीट-पीटकर उसकी जान ले ली गई। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

कहां का है मामला?
यह घटना गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड अंतर्गत शोभा थाना क्षेत्र के ग्राम गरीबा की है, जो ओडिशा सीमा से सटा हुआ इलाका है. पुलिस के अनुसार, गांव के पास खेतों में बनी एक लारी में एक महिला अपने पति के साथ रहती थी. गांव की ही दो अन्य महिलाओं से उसकी दोस्ती हो गई.
दोस्ती से शुरू होकर दुश्मनी तक पहुंचा मामला
शुरुआत में पीड़िता की गांव की दो महिलाओं से अच्छी दोस्ती थी और तीनों के बीच आपसी मेल-जोल था। लेकिन समय के साथ संबंधों में तनाव बढ़ गया। आरोप है कि पीड़िता द्वारा गांव में दोनों महिलाओं के चरित्र को लेकर टिप्पणी और बदनामी की जा रही थी, जिससे विवाद गहराता चला गया।

साजिश रचकर दिया वारदात को अंजाम
चरित्र पर लगाए जा रहे आरोपों से क्षुब्ध होकर दोनों महिलाओं ने कथित तौर पर महिला को सबक सिखाने की योजना बनाई. पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन आरोपी महिलाएं पहले से ही पीड़िता की लारी पर पहुंचीं और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी.
अमानवीय प्रताड़ना के बाद हत्या
जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने महिला के साथ बेहद अमानवीय व्यवहार किया. उसे गंभीर रूप से प्रताड़ित किया गया. पहले आरोपी महिलाओं ने पीड़िता के प्राइवेट पार्ट में मिर्च डालकर उसे तड़पाया. फिर लात‑घूंसे, डंडे और सीने पर चढ़कर बेरहमी से पीटा गया. गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

सरपंच की सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी गांव के सरपंच ने पुलिस को दी. क्षेत्र नक्सल प्रभावित और दुर्गम होने के कारण पुलिस 2 फरवरी को मौके पर पहुंच सकी. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
दो आरोपी महिलाएं नामजद
शोभा थाना प्रभारी एएसआई नकुल सिदार ने बताया कि इस मामले में
-
सुगतिन नेताम
-
ईतवारिन बाई
के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि बदनामी और आपसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस का कहना
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। आरोपियों को जल्द न्यायालय में पेश कर सख्त सजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
