
Breaking News: पाकिस्तान ने छोड़ा भारतीय BSF जवान, 20 दिन बाद अटारी-वाघा बॉर्डर से भारत लौटे; हज का दूसरा जत्था मक्का रवाना
पाकिस्तान ने भारत के सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान पूर्णम कुमार साहू को रिहा कर दिया है। बुधवार को साहू अटारी-वाघा सीमा के जरिए स्वदेश लौट आए हैं, जिसकी पुष्टि बीएसएफ अधिकारियों ने की है। वे पिछले 20 दिनों से पाकिस्तानी रेंजर्स की हिरासत में थे।
पूर्णम साहू 23 अप्रैल को गलती से पाकिस्तान की सीमा में प्रवेश कर गए थे, जिसके बाद उन्हें वहां की सीमा सुरक्षा बल ने पकड़ लिया था। भारत और पाकिस्तान के बीच DGMO स्तर की बातचीत के बाद उनकी रिहाई संभव हो पाई। वर्तमान में, साहू बीएसएफ अधिकारियों के साथ मेडिकल जांच के लिए भेजे गए हैं। स्वास्थ्य परीक्षण और पूछताछ के बाद उन्हें उनके घर भेजा जाएगा।
इस बीच, भारत-पाकिस्तान के बीच जारी संघर्षविराम के बाद जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर से हज यात्रियों का दूसरा जत्था बुधवार सुबह हज हाउस से एयरपोर्ट की ओर रवाना हुआ। ये यात्री सऊदी अरब के पवित्र शहर मक्का की ओर रवाना हो रहे हैं। श्रीनगर से पहला हज जत्था 4 मई 2025 को रवाना हुआ था।
हाल ही में हुए ऑपरेशन ‘सिंदूर’ के कारण 7 मई और 12 मई को तय हज यात्राओं की सात उड़ानें रद्द कर दी गई थीं। अब स्थिति सामान्य होने पर फ्लाइट सेवाएं फिर से बहाल की गई हैं। मंगलवार से श्रीनगर एयरपोर्ट पर विमान सेवाओं का संचालन शुरू हो गया है।
उधर, पंजाब के अमृतसर एयरपोर्ट पर भी मंगलवार-बुधवार की रात पहली अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट उतरी। यह विमान कतर एयरवेज का था। साथ ही इंडिगो एयरलाइंस ने भी पंजाब के लिए अपनी सेवाएं बुधवार से फिर से शुरू करने की घोषणा की है।
देशभर में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता का जश्न मनाया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तिरंगा यात्रा की शुरुआत की। उन्होंने अपने भाषण में कहा:
“पहलगाम में पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों की बर्बरता की निंदा पूरी दुनिया ने की है, लेकिन पाकिस्तान और उसके समर्थक इस पर चुप्पी साधे हुए हैं। भारतीय सेना ने करारा जवाब देकर स्पष्ट कर दिया है कि भारत किसी को छेड़ता नहीं, लेकिन अगर कोई हमें छेड़ेगा, तो उसे छोड़ा नहीं जाएगा।”
ऑपरेशन ‘सिंदूर’ के अंतर्गत भारतीय सेना ने पाकिस्तान के कई सैन्य एयरबेस को निशाना बनाया था। अमेरिकी प्राइवेट कंपनी मैक्सार (Maxar) ने इन हमलों की सैटेलाइट तस्वीरें जारी की हैं। इन तस्वीरों में सरगोधा, नूर खान, भोलारी और सुक्कुर एयरबेस की स्थिति पहले और बाद में साफ देखी जा सकती है।