
BJP National President
BJP National President -भाजपा अध्यक्ष की रेस में शिवराज, खट्टर समेत 6 दावेदार: संगठनात्मक अनुभव, जातीय और क्षेत्रीय समीकरण पर मंथन; जल्द बनेगी केंद्रीय चुनाव समिति
नई दिल्ली | 6 जुलाई 2025 — भारतीय जनता पार्टी (BJP) अब जल्द ही अपने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर सकती है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, 6 प्रमुख नेताओं के नाम इस रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। इनमें शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर, भूपेंद्र यादव, धर्मेंद्र प्रधान, सुनील बंसल और विनोद तावड़े शामिल हैं।
न्यूज़ एजेंसी ANI की रिपोर्ट के अनुसार, भाजपा नेतृत्व संगठनात्मक अनुभव, जातीय समीकरण और क्षेत्रीय संतुलन को आधार बनाकर अंतिम निर्णय की ओर बढ़ रही है।
केंद्रीय चुनाव समिति का गठन जल्द संभव
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, भाजपा जल्द एक केंद्रीय चुनाव समिति का गठन कर सकती है, जो यदि आवश्यक हुआ तो राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया को पूरा करेगी — इसमें नामांकन, दस्तावेज़ों की जांच और मतदान की प्रक्रिया शामिल होगी।
वर्तमान अध्यक्ष जे.पी. नड्डा का कार्यकाल समाप्त
भाजपा के मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल जून 2024 में समाप्त हो चुका है। वे वर्तमान में एक्सटेंशन पर हैं और साथ ही केंद्र सरकार में मंत्री भी हैं। पार्टी अब नए नेतृत्व को लाने की तैयारी में तेजी से जुट गई है।
भाजपा देख रही तीन बड़े कारक:
-
संगठनात्मक अनुभव: अध्यक्ष पद के लिए पार्टी को मजबूत जमीनी पकड़ वाले नेता की तलाश है।
-
क्षेत्रीय संतुलन: पूर्वी, पश्चिमी, दक्षिणी और उत्तरी भारत से संतुलन साधने की कोशिश।
-
जातीय समीकरण: सामाजिक वर्गों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की रणनीति।
अब तक 26 राज्यों में चुने जा चुके हैं प्रदेश अध्यक्ष
भाजपा संविधान के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव तभी संभव होता है जब पार्टी 50% प्रदेश इकाइयों में अध्यक्ष चुन चुकी हो। भाजपा की 37 मान्यता प्राप्त राज्य इकाइयों में से 26 राज्यों में अध्यक्ष का चुनाव हो चुका है।
विशेषकर 1 और 2 जुलाई को पार्टी ने 9 राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए, जिनमें शामिल हैं:
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, दमन दीव और लद्दाख।
नए अध्यक्ष के सामने होंगे 12 अहम चुनाव

पार्टी के नियमों के अनुसार, भाजपा अध्यक्ष का कार्यकाल 3 साल का होता है और कोई भी नेता दो बार से अधिक इस पद पर नहीं रह सकता। आने वाले 3 वर्षों में नए अध्यक्ष को कम से कम 12 अहम राज्यों के विधानसभा चुनाव कराने होंगे।
इन्हें भी देखे –
- रायपुर स्कूल में हेडमास्टर का शर्मनाक हरकत : महिला टॉयलेट में मोबाइल छिपाकर बनाता था वीडियो, 2 महीने से कर रहा था रिकॉर्डिंग
- बिहार: शादी के एक महीने बाद पति की हत्या, फूफा से अफेयर में पत्नी ने रचाई साजिश, झारखंड से बुलाए शूटर
