Bilaspur minor girl forced into prostitution -बिलासपुर में मां-बेटी ने नाबालिग सहेली को देह व्यापार में धकेला, 4 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर, छत्तीसगढ़: घरेलू विवाद के बाद घर से निकली एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को उसकी सहेली और उसकी मां ने देह व्यापार के धंधे में धकेल दिया। पुलिस ने इस मामले में नाबालिग की सहेली, उसकी मां समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह सनसनीखेज मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।
घटना का विवरण
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 8 अगस्त 2025 को परिवार से नाराज होकर वह अपनी दोस्त के घर लिंगियाडीह चली गई थी। इसके बाद उसकी नाबालिग सहेली और उसकी मां कालिका तिवारी उसे बहला-फुसलाकर रायगढ़ ले गए। वहां उसे एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया, जबरन शराब पिलाई गई और देह व्यापार के लिए मजबूर किया गया। पीड़िता के विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी।
पुलिस की कार्रवाई

लड़की के लापता होने की शिकायत परिजनों ने पुलिस में दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि लड़की रायगढ़ में रह रही है। एक टीम ने वहां पहुंचकर लड़की को सुरक्षित बाहर निकाला और उसका बयान दर्ज किया। बयान में पीड़िता ने अपनी सहेली, उसकी मां कालिका तिवारी और एक अन्य आरोपी विकास उर्फ विक्की भोजवानी का नाम लिया।
मुख्य आरोपी पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस के मुताबिक, इस देह व्यापार गिरोह का मुख्य सरगना विक्की भोजवानी है, जो सिविल लाइन क्षेत्र के मसानगंज का रहने वाला है। वह पहले भी पीटा एक्ट के तहत जेल जा चुका है। पुलिस ने विक्की भोजवानी, कालिका तिवारी, उसकी नाबालिग बेटी और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ कर रही है ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों को भी पकड़ा जा सके।
