Bilaspur ganesh pandal -गणेश पंडाल पर बवाल…युवक को मारा चाकू: शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर गुंडागर्दी, चाकू के हमले से युवक घायल
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में गणेश पंडाल के पास युवकों ने गुंडागर्दी करते हुए जमकर बवाल मचाया। इस दौरान एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इस मामले में एक हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, सरकंडा के देवनंदन नगर फेस-2 निवासी सत्यमदास मानिकपुरी अपने दोस्तों के साथ मोहल्ले में गणेश प्रतिमा देखने निकला था। जैसे ही वह बालाजी अस्पताल के पास पहुंचा, गीतांजली सिटी फेस-2 निवासी सागर डहरे अपने दोस्त संस्कार तिवारी की समिति के पास मौजूद था। पुरानी रंजिश के चलते सागर ने सत्यम को देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी। सत्यम ने विरोध किया तो विवाद बढ़ गया।
दोस्तों के साथ मिलकर की मारपीट, फिर चला चाकू
सत्यम ने पुलिस को बताया कि विवाद बढ़ने पर संस्कार तिवारी और उसका दोस्त भुरु ठाकुर ने उस पर मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान सागर डहरे ने चाकू निकालकर उसके सिर के पीछे हमला कर दिया। खून से लथपथ सत्यम को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना सत्यम के भाई द्रविड़ दास मानिकपुरी ने सरकंडा पुलिस को दी। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने रात में घेराबंदी कर आरोपी सागर डहरे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब बाकी हमलावरों की तलाश कर रही है और मामले की गहन जांच कर रही है।

गैंगवार और हत्या का आरोपी रह चुका है सागर
पुलिस रिकॉर्ड्स में सामने आया है कि सागर डहरे पहले भी गंभीर अपराधों में शामिल रह चुका है। वह वसीम खान के गैंग के साथ मिलकर समता कॉलोनी गार्डन के पास नाबालिग नवीन महादेव की हत्या में शामिल रहा था। उस मामले में भी पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था, लेकिन बाद में वह जमानत पर छूट गया।
पुरानी रंजिश और शराब के पैसों को लेकर बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, सत्यम और सागर के बीच पहले से ही पुरानी रंजिश चल रही थी। पहले सत्यम और उसके दोस्तों ने सागर की पिटाई की थी, जिसके बाद से दुश्मनी गहरी हो गई थी। बताया जा रहा है कि वारदात वाली रात सागर और उसके दोस्तों ने सत्यम से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर विवाद बढ़ गया और उसी दौरान चाकूबाजी की घटना हुई।

