Bilaspur CMO News -बिलासपुर (छत्तीसगढ़): मल्हार नगर पंचायत में बुधवार को बड़ा बवाल हो गया। नगर पंचायत अध्यक्ष धनेश्वरी केंवट और उनके पति धनेश्वर केंवट ने सीएमओ मनीष सिंह ठाकुर के ऑफिस में घुसकर गाली-गलौज और हाथ उठाने तक की नौबत ला दी। दोनों पर कमीशन की मांग और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। पूरी घटना का वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
बुधवार दोपहर करीब 2 बजे सीएमओ मनीष ठाकुर अपने ऑफिस पहुंचे। गेट पर ही अध्यक्ष धनेश्वरी और उनके पति ने उन्हें रोक लिया और कमीशन की मांग की।
जब सीएमओ ने इसका विरोध किया तो दोनों दंपति ऑफिस में घुस गए। इस दौरान अध्यक्ष ने हाथ उठाकर धमकाया और उनके पति ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
कर्मचारियों ने बनाया वीडियो, मचा हड़कंप

कमीशन विवाद को लेकर ऑफिस में जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान नगर पंचायत के अन्य कर्मचारी भी वहां पहुंच गए। कर्मचारियों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
कलेक्टर को दी गई जानकारी
हंगामे के बाद सीएमओ ने तत्काल कलेक्टर संजय अग्रवाल को मामले की जानकारी दी और थाने में शिकायत दर्ज कराई। गुरुवार को नगर पंचायत अधिकारी और कर्मचारी भी कलेक्टोरेट पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी कलेक्टर को दी। कलेक्टर ने जांच का आश्वासन दिया है।
पहले भी हो चुका विवाद
सीएमओ ने बताया कि नगर पंचायत अध्यक्ष और उनके पति आए दिन फोन पर पैसे मांगते हैं। हर काम के लिए कमीशन की मांग की जाती है। रुपए नहीं देने पर गाली-गलौज और बदसलूकी होती है।
इससे पहले भी दोनों ने इसी तरह दुर्व्यवहार किया था, लेकिन उस समय पार्षदों और कर्मचारियों के बीच समझौता करा दिया गया था।
पुलिस ने दर्ज किया केस
इस बार सीएमओ ने साफ तौर पर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अध्यक्ष धनेश्वरी केंवट और उनके पति पर दुर्व्यवहार, धमकी, गाली-गलौज और शासकीय कार्य में बाधा डालने का केस दर्ज किया है।
