Bijapur Naxalite Murder School Teacher -नक्सलियों की कायराना करतूत: बीजापुर में ‘शिक्षादूत’ का अपहरण कर की हत्या
नक्सलियों का खूनी खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है, और ‘शिक्षादूत’ लगातार उनके निशाने पर आ रहे हैं। शुक्रवार को नक्सलियों ने बीजापुर के गंगालूर क्षेत्र में पदस्थ एक शिक्षादूत का अपहरण कर जंगल में ले जाकर उसकी हत्या कर दी। नक्सलियों की बढ़ती हिंसक वारदातें पुलिस और प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई हैं।
जानकारी के अनुसार, नेन्द्रा में पदस्थ शिक्षादूत कल्लू ताती को नक्सलियों ने शुक्रवार शाम को स्कूल से लौटते समय अगवा कर लिया था। देर रात अपहरण के बाद उसकी हत्या कर दी गई। मृतक कल्लू ताती मूल रूप से तोड़का गांव का निवासी था।
यह घटना पिछले 24 घंटों में नक्सलियों की दूसरी कायराना हरकत है। इससे पहले शुक्रवार को ही जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर एक 27 वर्षीय युवक की भी बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।

सुकमा में भी हुई थी शिक्षादूत की हत्या
यह पहली घटना नहीं है जब नक्सलियों ने किसी शिक्षादूत को निशाना बनाया हो। बीते 27 अगस्त को सुकमा जिले के जगरगुंडा थाना क्षेत्र में भी एक शिक्षादूत की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। मृतक का नाम लक्ष्मण बारसे बताया गया था, जो बीजापुर के पेगड़ापल्ली गांव का निवासी था और सिलगेर में शिक्षादूत के रूप में कार्यरत था।
बंद पड़े स्कूलों के फिर से शुरू होने के बाद से बीजापुर जिले में 6 और सुकमा जिले में 5 शिक्षादूतों की नक्सलियों द्वारा हत्या की जा चुकी है। इन लगातार हो रही घटनाओं से पूरे क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

