Bhilai Woman Suicide Over Instagram Reel Controversy-
भिलाई (दुर्ग): छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया। भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि महिला इंस्टाग्राम पर रील बनाती थी, जिसे लेकर पति उससे अक्सर झगड़ा करता था।
बच्चों के ट्यूशन जाते ही उठाया खौफनाक कदम
मृतका की पहचान अंजली साव (35) के रूप में हुई है। वह अपने पति पप्पू साव और दो बच्चों के साथ रहती थी। पति मजदूरी करता है, जबकि अंजली गृहिणी थी और सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती थी।
परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, पति को अंजली का इंस्टाग्राम पर रील बनाना बिल्कुल पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था।
30 जनवरी को भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद शाम को जब बच्चे ट्यूशन चले गए, उसी दौरान अंजली ने घर में पंखे से फांसी लगाकर जान दे दी।
बच्चों के लौटने पर जब मां फंदे से लटकी मिली तो घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस और पति को सूचना दी।
पहले भी कर चुकी थी आत्महत्या की कोशिश
स्थानीय लोगों ने बताया कि अंजली मोहल्ले में रील और डांस वीडियो को लेकर काफी चर्चित थी। उसने 26 जनवरी को इंस्टाग्राम पर आखिरी पोस्ट डाली थी।
जानकारी के अनुसार, दिसंबर में भी अंजली ने सुसाइड की कोशिश की थी, तब उसने धतूरा खा लिया था। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी जान बच गई थी।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को फंदे से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

भिलाई में 5 दिन में 3 आत्महत्याएं, चिंता में प्रशासन
केस-2: भाइयों के साथ रहने वाली युवती ने दी जान
दूसरा मामला भी छावनी थाना क्षेत्र का है। कैंप-1 श्याम नगर में 27 वर्षीय युवती नीतू कोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह अपने दो भाइयों के साथ रहती थी।
घटना 31 जनवरी की देर रात की है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
केस-3: ग्राफिक्स डिजाइनर ने की खुदकुशी
तीसरा मामला जामुल थाना क्षेत्र का है। जहां 28 जनवरी को 36 वर्षीय भोज नारायण ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह एक निजी कॉलेज में सीनियर ग्राफिक्स डिजाइनर था और भिलाई में किराए के मकान में रहता था।
भोज नारायण का एक शादीशुदा महिला से प्रेम संबंध था, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना के वक्त वह घर पर अकेला था। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

लगातार हो रही घटनाओं से बढ़ी चिंता
भिलाई में महज पांच दिनों के भीतर तीन आत्महत्याओं की घटनाओं ने पुलिस और समाज दोनों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। विशेषज्ञों का कहना है कि घरेलू तनाव, रिश्तों में टकराव और मानसिक दबाव ऐसे मामलों की बड़ी वजह बनते जा रहे हैं।

