Bhilai Domestic Dispute Husband Killed Wife -भिलाई में घरेलू विवाद बना जानलेवा: शादी के एक साल बाद पति ने गला दबाकर पत्नी की हत्या, खुद थाने जाकर किया सरेंडर
छत्तीसगढ़ के भिलाई में घरेलू विवाद ने एक नवविवाहिता की जान ले ली। नेवई थाना क्षेत्र के मरोदा सेक्टर स्थित एचएससीएल कॉलोनी में शनिवार दोपहर पति ने अपनी पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी एकल दुबे (28) ने अपनी पत्नी दीक्षा दुबे (22) की हत्या करने के बाद खुद थाने जाकर सरेंडर कर दिया।
वारदात और कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
मृतका का मायका राजनांदगांव जिले के खैरागढ़ ग्राम खपरी खुर्द में है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भिलाई पहुंच गए। मृतका की मां और बड़े पिता ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सख्त सजा की मांग की है।
पुलिस का बयान
पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने बताया कि एकल दुबे और दीक्षा दुबे की शादी 11 जुलाई 2024 को हुई थी। शादी के बाद से दोनों के बीच लगातार विवाद होते रहते थे। शनिवार को घरेलू विवाद के चलते एकल ने गुस्से में आकर पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी।

परिजनों का आरोप
दीक्षा के परिजनों का कहना है कि आरोपी पति आए दिन उससे विवाद करता था। कई बार झगड़े के बाद दीक्षा मायके भी चली जाती थी। परिजनों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।

