BCCi bank balance -BCCI का कैश और बैंक बैलेंस ₹20,686 करोड़ हुआ: 5 साल में ₹14,627 करोड़ कमाए; 2019 में बोर्ड का सामान्य फंड ₹3,906 करोड़ था
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) का कुल बैंक बैलेंस अब ₹20,686 करोड़ पहुंच गया है। न्यूज़ एजेंसी PTI की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 5 सालों में बोर्ड ने ₹14,627 करोड़ कमाए हैं। अकेले वित्त वर्ष 2023-24 में बोर्ड को ₹4,193 करोड़ की कमाई हुई। यह जानकारी राज्य क्रिकेट संघों के साथ साझा की गई वित्तीय रिपोर्ट में सामने आई है।
5 साल में सामान्य फंड दोगुना
-
2019 में BCCI का सामान्य फंड ₹3,906 करोड़ था, जो 2024 में बढ़कर ₹7,988 करोड़ हो गया। यानी इसमें ₹4,082 करोड़ की बढ़ोतरी हुई।
-
BCCI की 2024 एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) में बताया गया कि 2019 से कैश और बैंक बैलेंस ₹6,059 करोड़ से बढ़कर ₹20,686 करोड़ हो गया है।
टैक्स देनदारी के लिए ₹3,150 करोड़ अलग रखे
बोर्ड ने वित्त वर्ष 2023-24 में ₹3,150 करोड़ आयकर भुगतान के लिए सुरक्षित रखे हैं। यह मामला अदालत और ट्रिब्यूनल में विचाराधीन है, लेकिन संभावित भुगतान को ध्यान में रखते हुए राशि अलग रखी गई है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और मीडिया राइट्स से आय घटी
-
2023-24 में अंतरराष्ट्रीय पुरुष क्रिकेट मैचों से आय घटकर ₹361.22 करोड़ रह गई, जबकि पिछले साल यह ₹642.78 करोड़ थी।
-
मीडिया राइट्स से आय भी ₹2,524.80 करोड़ से घटकर ₹813.14 करोड़ हो गई।
-
यह कमी कम अंतरराष्ट्रीय मैचों और ICC क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 के आयोजन की वजह से आई।

IPL और ICC से बढ़ी आमदनी
-
IPL और ICC से मिले हिस्से की वजह से BCCI को 2023-24 में ₹1,623.08 करोड़ का सरप्लस हुआ, जो पिछले साल के ₹1,167.99 करोड़ से ज्यादा है।
IPL से कमाई के बड़े सोर्स:
-
मीडिया राइट्स: IPL टेलीकास्ट और हाइलाइट्स के अधिकार बेचकर BCCI को सबसे ज्यादा कमाई होती है।
-
टाइटल स्पॉन्सरशिप: 2008 में सालाना ₹50 करोड़ से शुरू हुई राशि 2023 तक बढ़कर ₹300 करोड़ से ज्यादा हो गई। टाटा और BCCI की दो साल की डील में ₹600 करोड़ मिले।
-
फ्रेंचाइजी फीस: 2022 में गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपरजायंट्स को शामिल करने से बोर्ड को ₹12,500 करोड़ की बड़ी कमाई हुई।
बैंक ब्याज से भी बढ़ी कमाई
BCCI ने बैंक ब्याज से ₹986.45 करोड़ कमाए, जो पिछले साल के ₹533.05 करोड़ से लगभग दोगुना है।
राज्य संघों और क्रिकेट विकास के लिए फंड
-
2023-24 में ₹1,990.18 करोड़ राज्य क्रिकेट संघों को दिए गए।
-
2024-25 के लिए यह प्रावधान ₹2,013.97 करोड़ है।
-
इसके अलावा ₹1,200 करोड़ बुनियादी ढांचे के लिए, ₹350 करोड़ प्लेटिनम जुबली बेनेवोलेंट फंड के लिए और ₹500 करोड़ क्रिकेट विकास के लिए आवंटित किए गए हैं।

