BBME-One Elephant Alert In Dhamtari -धमतरी में BBME-ONE हाथी की एंट्री, 13 गांवों में अलर्ट जारी। वन विभाग ने जंगल-नदी से आ रहे हाथियों के चलते लोगों को सावधान किया।
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक दंतैल हाथी BBME-ONE की एंट्री से हड़कंप मच गया है। यह हाथी जंगल और नदियों के रास्ते धमतरी पहुंचा है और पिछले तीन दिनों से केरेगांव वन परिक्षेत्र के जोगीडीह गांव के पास रुका हुआ है। वन विभाग ने संभावित खतरे को देखते हुए 13 गांवों में अलर्ट जारी कर ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है।
बलौदाबाजार हाथी दल का सदस्य है BBME-ONE
वन विभाग के अनुसार, यह हाथी बलौदाबाजार हाथी दल से अलग होकर धमतरी पहुंचा है। BBME-ONE नामक यह हाथी फिलहाल जिले के जोगीडीह गांव के जंगलों में विचरण कर रहा है। इसके साथ ही जिले में अब कुल दो हाथियों की मौजूदगी हो गई है।

दूसरा हाथी सिंगपुर रेंज की ओर बढ़ा
डिप्टी रेंजर राकेश तिवारी ने बताया कि BBME-ONE लगातार आगे बढ़ रहा है। वहीं, पहले से मौजूद दूसरा हाथी अब सिंगपुर रेंज के मोहंदी गांव की ओर निकल गया है। इस स्थिति को देखते हुए विभाग मुनादी कर ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने की चेतावनी दे रहा है।
इन 13 गांवों में किया गया अलर्ट घोषित
वन विभाग ने जिन गांवों में हाथी के खतरे की आशंका जताई है, उनमें शामिल हैं: भालू चूहाचुवा, साल्हेभाठ, पीपर छड़ी, झूरातराई, जोगीडीह, लंबू डेरा, बासी खाई, बाजार कुर्री डीह और अन्य। इन सभी गांवों में अलर्ट जारी कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है।
हाथियों की आवाजाही बढ़ी, वन विभाग अलर्ट मोड पर
धमतरी जिले में हाल के दिनों में हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। जंगल और नदी के रास्तों से ये हाथी दूसरे जिलों से यहां पहुंच रहे हैं। ऐसे में वन विभाग ने अपनी टीमों को सक्रिय कर दिया है। निगरानी बढ़ा दी गई है और हर मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है।
ग्रामीणों को दी गई चेतावनी
वन विभाग ने ग्रामीणों को विशेष सतर्कता बरतने और हाथियों के करीब न जाने की सख्त हिदायत दी है। विभाग ने यह भी कहा है कि हाथियों की मूवमेंट के आधार पर अगला अलर्ट जारी किया जाएगा।
