Balod Anganwadi Worker Murder
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के देवरी थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जमानत पर जेल से छूटे एक व्यक्ति ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की कथित रूप से चाकू मारकर हत्या कर दी और इसके बाद उसी केंद्र में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार, दोनों एक ही गांव फरदफोड़ के निवासी थे और लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे।

देखिए पहले ये तस्वीरें-



मृतकों की पहचान

-
उगेश्वरी देवांगन (54), आंगनबाड़ी कार्यकर्ता
-
लखन देवांगन (57), आरोपी


पुलिस के मुताबिक, महिला ने हाल ही में आरोपी के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज कराया था। इसी केस में आरोपी जेल गया था और 3 फरवरी को जमानत पर रिहा हुआ था।

घटना कैसे हुई?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे आरोपी आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचा। उस समय कुछ बच्चे भोजन कर रहे थे। बताया गया कि आरोपी ने सहायिका से बच्चों को बाहर भेजने को कहा।
इसके बाद अंदर महिला पर धारदार हथियार से हमला किया गया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी ने कथित तौर पर केंद्र के अंदर ही फांसी लगा ली।

हत्या के बाद पंखे से लटककर दी जान
जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचते लखन ने पंखे से लटककर जान दे दी थी। जबकि उगेश्वरी ने भी दम तोड़ दिया था। फौरन ग्रामीणों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर उगेश्वरी की लाश खून से लथपथ पड़ी हुई थी।
इधर, लखन का शव फांसी के फंदे पर झूल रहा था। पुलिस ने शव को फंदे से उतारा। दोनों के शवों का पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। इस दौरान बड़ी संख्या में घटनास्थल पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए।
पहले दर्ज हुआ था केस
देवरी थाना प्रभारी के अनुसार, 13 जनवरी को महिला ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जमानत पर रिहाई के कुछ दिन बाद यह घटना हुई।
पुलिस की जांच जारी
देवरी थाना प्रभारी राकेश ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि 13 जनवरी को पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद उसे जेल भेजा गया था। जमानत पर रिहा होने के बाद उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस हत्या के पीछे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है।
