Axis Bank Manager Cashier Arrested-
कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के राजस्व में भारी गबन का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक्सिस बैंक के मैनेजर और कैशियर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोप है कि दोनों ने कैश मैनेजमेंट सर्विसेज (CMS) के जरिए करीब ₹80 लाख की राशि हड़प ली, जिससे निगम को बड़ा वित्तीय नुकसान हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों में 42 वर्षीय अरुण मिश्रा, जो बैंक में मैनेजर था, और 29 वर्षीय आशीर्वाद प्रियांशु, जो कैशियर था, शामिल हैं। पुलिस जांच में पता चला कि कुल राजस्व राशि ₹91,68,042 में से केवल ₹12,25,768 ही बैंक में जमा हुई, जबकि ₹79,42,274 राशि बैंक खाते में जमा नहीं की गई।

मामले का खुलासा तब हुआ जब निगम के कर्मचारी राजस्व जमा की जांच कर रहे थे। डेटा मिलान के दौरान पता चला कि बड़ी राशि बैंक में जमा ही नहीं हुई थी। इस पर निगम अधिकारी ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच में स्पष्ट हुआ कि मैनेजर अरुण मिश्रा इस साजिश का मास्टरमाइंड है। उसने फिल्मी अंदाज में गबन की योजना बनाई और कैशियर आशीर्वाद प्रियांशु को दबाव डालकर इस कृत्य में शामिल किया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में और भी लोगों की संलिप्तता हो सकती है, जिसकी जांच जारी है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर भारतीय दंड संहिता की धारा 409 (आपराधिक विश्वासघात) के तहत मामला दर्ज किया है। कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि आरोपियों को न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा।
