Aligarh To Harigarh -‘अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ करने में अब देरी नहीं’, सपा पर भी गरजे डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य
Aligarh News: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की चतुर्थ पुण्यतिथि पर अलीगढ़ में आयोजित हिंदू गौरव दिवस में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ करने में अब देर नहीं होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने बाबूजी को भारत रत्न देने की मांग रखी और समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोला।
बाबूजी को भारत रत्न की मांग
डिप्टी सीएम मौर्य ने कहा, “मेरे मन में जो इच्छा है, उसे आज मैं व्यक्त करना चाहता हूं। बाबूजी को पद्म विभूषण का सम्मान मिला है, लेकिन मुझे लगता है कि बाबूजी को भारत रत्न का सम्मान मिलना चाहिए। यह मेरी मांग है और मुझे पूरा विश्वास है कि मंच और जनता दोनों इससे सहमत हैं।”
अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ करने की बात
मौर्य ने जिलों के नाम बदलने का जिक्र करते हुए कहा कि जैसे फैजाबाद का नाम बदलकर अयोध्या किया गया और इलाहाबाद का नाम प्रयागराज हुआ, वैसे ही अलीगढ़ का नाम बदलकर हरिगढ़ करने में अब देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने हाल ही में जलालाबाद का नाम बदलकर परशुराम पुरी किए जाने का भी उदाहरण दिया।
सपा पर साधा निशाना – 2027 में सूपड़ा साफ
डिप्टी सीएम ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, “बाबूजी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि 2027 में सपा का सूपड़ा साफ कर दें। भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी करने वालों का सफाया करना ही हमारा संकल्प है।”
उन्होंने आगे कहा कि साल 2000 में पहली बार बीजेपी की सरकार उत्तर प्रदेश में बाबूजी कल्याण सिंह की अगुवाई में बनी थी। उसी आशीर्वाद के चलते आज योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य में बीजेपी की मजबूत सरकार चल रही है। मौर्य ने दावा किया कि चाहे सपा, बसपा और कांग्रेस सब एक हो जाएं, लेकिन 2027 में भी 2017 की तरह बीजेपी की ही जीत दोहराई जाएगी।

