Aiims Raipur New President -एम्स रायपुर को नया अध्यक्ष मिल गया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायपुर का नया अध्यक्ष पद्मश्री डॉ बुधेन्द्र कुमार (बीके) जैन को नियुक्त किया है। मंत्रालय ने 14 अगस्त को गजट नोटिफिकेशन जारी कर इसकी आधिकारिक घोषणा की।
डॉ बीके जैन का अनुभव और योगदान
डॉ जैन वर्तमान में चित्रकूट श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट के ट्रस्टी हैं और सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय के निदेशक भी हैं। नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में 50 वर्षों की उनकी सेवाओं के लिए उन्हें इसी वर्ष पद्मश्री से सम्मानित किया गया। देशभर में नेत्र रोगों के उपचार और जागरूकता के क्षेत्र में उनका उल्लेखनीय योगदान रहा है।
नई जिम्मेदारी और संदेश
नई जिम्मेदारी मिलने पर डॉ जैन ने सरकार और स्वास्थ्य मंत्रालय का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनकी सेवा भावना के प्रेरक गुरुदेव रणछोड़दास जी महाराज रहे हैं। डॉ जैन ने एम्स रायपुर के चिकित्सकीय और गैर-चिकित्सकीय कर्मचारियों का अभिनंदन किया और रोगियों के हित में तेजी से काम करने का संकल्प लिया।

एम्स रायपुर को नई दिशा
डॉ जैन ने मानवता की सेवा के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प दोहराया। उनका कहना है कि वे रोगियों की भलाई और स्वस्थ जीवन के लिए हर संभव कदम उठाएंगे। उनके अनुभव और कार्यनिष्ठा से एम्स रायपुर में मेडिकल शिक्षा, अनुसंधान और रोगी देखभाल को नई गति मिलने की उम्मीद है।
चिकित्सा जगत में डॉ बीके जैन की नियुक्ति को एम्स रायपुर के लिए नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है। यह कदम संस्थान की प्रतिष्ठा और सेवाओं को और ऊंचाई पर ले जाने वाला साबित हो सकता है।
