AIIMS Job Scam –
राजधानी रायपुर में एम्स (AIIMS) में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 25 वर्षीय युवती से कथित दुष्कर्म और करीब 6 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने युवती को फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देकर विश्वास में लिया और बाद में आपत्तिजनक वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का भी आरोप है।
आमानाका थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी रितेश चंद्राकर (26) को कवर्धा से गिरफ्तार किया है।

सोशल मीडिया से शुरू हुआ संपर्क
पुलिस के मुताबिक, कवर्धा जिले के पांडातराई निवासी आरोपी ने करीब दो साल पहले युवती से सोशल मीडिया के जरिए संपर्क किया। बातचीत के दौरान उसने खुद को एम्स रायपुर में कार्यरत बताते हुए अधिकारियों से करीबी संबंध होने का दावा किया।
6 लाख रुपये की ठगी का आरोप
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने युवती को एम्स में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। इस भरोसे में आकर युवती ने अलग-अलग किस्तों में करीब 6 लाख रुपये दिए। बताया जा रहा है कि यह रकम उसने कर्ज लेकर जुटाई थी।

फर्जी ज्वाइनिंग लेटर से खुला मामला
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने भरोसा बढ़ाने के लिए फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी दिया। जब वह दस्तावेज लेकर एम्स पहुंची तो जांच में लेटर फर्जी पाया गया, जिसके बाद ठगी का खुलासा हुआ।
होटल में बुलाकर दुष्कर्म और ब्लैकमेल का आरोप
एफआईआर में दर्ज शिकायत के अनुसार, आरोपी ने युवती को आमनाका स्थित एक होटल में बुलाया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि आरोपी ने आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी और ब्लैकमेल करता रहा।

शिकायत के बाद गिरफ्तारी
मामला दर्ज होने की जानकारी मिलने पर आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कवर्धा से उसे गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी के खिलाफ ठगी, दुष्कर्म और आईटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।
