Sukma news SBI cashier drowned sabari river konta-
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के कोंटा ब्लॉक से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। होली का त्योहार मनाने के बाद सबरी नदी में नहाने गए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के तीन कर्मचारी नदी में डूब गए। इस घटना में बैंक के कैशियर की मौत हो गई, जबकि बैंक मैनेजर सहित दो कर्मचारियों को ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सुरक्षित बचा लिया गया।

होली खेलने के बाद नदी में नहाने गए थे कर्मचारी
जानकारी के अनुसार कोंटा स्थित एसबीआई शाखा में पदस्थ कर्मचारी होली खेलने के बाद दोपहर में आसीरगुड़ा के पास सबरी नदी में नहाने पहुंचे थे। नहाने के दौरान तीनों को नदी की गहराई और तेज बहाव का अंदाजा नहीं लग पाया और वे पानी में डूबने लगे।

ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी
तीनों को डूबता देख नदी किनारे मौजूद ग्रामीण तुरंत मदद के लिए नदी में कूद गए। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए दो कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिनमें बैंक मैनेजर भी शामिल हैं।
हालांकि, बैंक में कैशियर के पद पर पदस्थ साईनाथ गहरे पानी में लापता हो गए।

रेस्क्यू के बाद मिला शव
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी तलाश के बाद साईनाथ का शव नदी से बरामद किया गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
