Raipur NEET Student Suicide
रायपुर, 22 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां NEET परीक्षा की तैयारी कर रहे एक छात्र ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। छात्र ने गले में GI तार (लोहे का तार) बांधकर मकान की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के भांठागांव स्थित अवधपुरी कॉलोनी की है।

किराए के मकान में रहकर कर रहा था NEET की तैयारी
मृतक छात्र की पहचान रायगढ़ जिले के रहने वाले पुष्पेंद्र पटेल के रूप में हुई है। वह रायपुर में किराए के मकान में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET की तैयारी कर रहा था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार को छात्र ने मकान की दूसरी मंजिल से गले में GI तार बांधकर छलांग लगा दी। घटना इतनी गंभीर थी कि छात्र की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
इसके साथ ही पुलिस ने छात्र के कमरे की तलाशी ली और कुछ सामान जब्त किया है। आसपास के लोगों और मकान मालिक से भी पूछताछ की जा रही है।

प्रतियोगी परीक्षा के दबाव की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्र पिछले कुछ समय से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी को लेकर मानसिक दबाव में था। हालांकि, आत्महत्या के सटीक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है।
पुलिस ने छात्र के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
