ICC on Pakistan Boycott
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार करना पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को भारी पड़ सकता है। भारत के बहिष्कार की बात कहकर पाकिस्तान खुद ही गंभीर संकट में फंस गया है। अब इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने PCB को साफ चेतावनी दे दी है कि अगर उसने भारत के साथ खेलने से मना किया, तो उस पर कानूनी कार्रवाई और भारी आर्थिक दंड लगाया जा सकता है।
न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, ICC ने PCB को संकेत दे दिया है कि भारत के साथ मैच नहीं खेलने की स्थिति में पाकिस्तान को करीब 35 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 290 करोड़ रुपये) की सालाना ICC कमाई से हाथ धोना पड़ सकता है।

भारत के खिलाफ मैच से पीछे हटा पाकिस्तान
रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान ने 15 फरवरी को प्रस्तावित भारत-पाकिस्तान मुकाबला खेलने से इनकार कर दिया था। हालांकि अब तक PCB ने इस फैसले की आधिकारिक सूचना ICC को नहीं दी है।
इसके बावजूद ICC पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और पाकिस्तान को संभावित नतीजों से आगाह कर चुका है।

PCB पर दोहरी मार की तैयारी
पीसीबी के एक सूत्र ने बताया कि अगर पाकिस्तान झुककर भारत के साथ मैच नहीं खेलता है तो उसे ना केवल आर्थिक रूप से सजा मिलेगी, बल्कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के प्रासरणकर्ताओं द्वारा कानूनी कार्यवाई का भी सामना करना पड़ सकता है. अगर पाकिस्तान आईसीसी की डिसप्यूट रेजोल्यूशन कमिटी के पास जाता है, तो ऐसे प्रयासों के विफल होने की संभावना अधिक है.”
नियमानुसार आईसीसी की डिसप्यूट रेजोंल्यूशन कमिटी उन फैसलों पर सुनवाई नहीं करती है, जो उसी के बोर्ड ने लिए हों.
क्यों फंसा पाकिस्तान?
इसी रिपोर्ट अनुसार पीसीबी के एक अन्य सूत्र ने बताया कि पाकिस्तान सरकार ने जो भी कहा हो, PCB को भारत के साथ ना खेलने के गंभीर परिणाम भुगतने होंगे, क्योंकि उसके मैच उसी की इच्छा अनुसार न्यूट्रल वेन्यू (श्रीलंका) पर तय किए गए हैं. सूत्र ने आगे कहा कि भारत सरकार ने अपनी टीम को पाकिस्तान खेलने भेजने से मना किया था, लेकिन इसका असर भारत बनाम पाकिस्तान मैचों के आयोजन पर नहीं पड़ा है. जबकि पाकिस्तान न्यूट्रल वेन्यू मिलने पर भी सिर्फ भारत से खेलने से इनकार कर रहा है.

ब्रॉडकास्टर्स क्यों कर सकते हैं केस?
चूंकि भारत बनाम पाकिस्तान मैच ‘पैसे की खान’ बराबर है, किसी भी ब्रॉडकास्टर के लिए यह मुनाफे का मैच होगा. अब अगर टी20 वर्ल्ड कप में भारत बनाम पाकिस्तान मैच नहीं होता है, तो ब्रॉडकास्टर्स के पास अधिकार होगा कि वह ICC और PCB पर कानूनी एक्शन ले सके.
PCB की बढ़ी मुश्किलें
-
ICC फंडिंग पर खतरा
-
ब्रॉडकास्टर्स का कानूनी दबाव
-
टूर्नामेंट की साख पर असर
इन सभी कारणों से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इस वक्त चारों तरफ से घिरा हुआ नजर आ रहा है।
