Lord Hanuman Idol Vandalised In Raipur-
जमीन विवाद में JCB से मूर्ति शिफ्ट करने के दौरान हुआ हादसा, मोहल्ले में भड़का आक्रोश
रायपुर में हनुमान भगवान की मूर्ति खंडित होने से धार्मिक भावनाएं आहत होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि जमीन विवाद के चलते JCB मशीन से मूर्ति को हटाने की कोशिश की जा रही थी, इसी दौरान मूर्ति खंडित हो गई। घटना के बाद मोहल्लेवासियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
टिकरापारा थाना क्षेत्र के धर्मनगर का मामला
यह पूरा मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र के पचपेड़ी नाका के पास स्थित धर्मनगर इलाके का है। स्थानीय लोगों के अनुसार मोहल्ले में एक खाली जमीन पर चौरा बनाकर हनुमान भगवान की मूर्ति स्थापित की गई थी, जहां लोग नियमित रूप से पूजा-अर्चना करते थे।
देर रात JCB लेकर पहुंचे आरोपी, मूर्ति खंडित
स्थानीय निवासी नीतू सोनी ने बताया कि सोमवार 15 दिसंबर की देर रात अरिहंत पारख नाम का युवक कुछ अन्य लोगों के साथ JCB मशीन लेकर मौके पर पहुंचा। वह जमीन को अपनी बताते हुए वहां रखी हनुमान जी की मूर्ति को शिफ्ट कराने लगा। इसी दौरान JCB से मूर्ति खंडित हो गई।
घटना की खबर लगते ही मोहल्ले में मचा हंगामा
देर रात जैसे ही मोहल्लेवासियों को इस घटना की जानकारी मिली, लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और आरोपियों का विरोध शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि उस समय एक पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद था। अगले दिन सुबह गुस्साए लोगों ने टिकरापारा थाने पहुंचकर जमकर हंगामा किया।
धार्मिक भावनाएं आहत करने का मामला दर्ज
मोहल्लेवासियों के विरोध के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में गिरफ्तार कर लिया।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

अरिहंत पारख, उम्र 31 वर्ष, निवासी सिविल लाइन, रायपुर।
मोहित लखेर, उम्र 32 वर्ष, निवासी सतना मध्य प्रदेश, हाल निवासी पंडरी रायपुर।
भूपेश केंवट, उम्र 19 वर्ष, निवासी महासमुंद, हाल निवासी सड्डू रायपुर।
गणेश कुर्रे, उम्र 20 वर्ष, निवासी सक्ती, हाल निवासी पंडरी रायपुर।
मेहराब खान, उम्र 21 वर्ष, निवासी हरियाणा, हाल निवासी माना रायपुर।

जमीन विवाद को लेकर जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इलाके में फिलहाल शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

