Fake OSD Case –
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का OSD बनकर अपने मुंहबोले जीजा को धमकी दे डाली। आरोपी ने फोन पर खुद को “सीएम साहब का OSD रवि मिश्रा” बताते हुए जीजा से पत्नी के साथ सुलह करने का दबाव बनाया और नहीं मानने पर बड़े अधिकारियों से शिकायत कर सबक सिखाने की धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
खुद को मुख्यमंत्री का OSD बताकर दिया धमकी भरा फोन
यह पूरा मामला रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। प्रार्थी चिंतामणी पंडा, निवासी खमतराई, ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि वह पारिवारिक विवाद के कारण कुछ समय से अपनी पत्नी से अलग रह रहा है। 15 दिसंबर की दोपहर लोधीपारा चौक के पास उनके मोबाइल पर एक अज्ञात युवक का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को मुख्यमंत्री का OSD रवि मिश्रा बताया और कहा कि वह पत्नी से आपसी सुलह कर ले, वरना पत्नी की ओर से दिए गए आवेदन को बड़े-बड़े अधिकारियों तक पहुंचाकर उसके खिलाफ कार्रवाई करवाई जाएगी।
धमकी से घबराकर प्रार्थी ने दर्ज कराई FIR
फोन पर मिली धमकी से परेशान होकर प्रार्थी ने थाना सिविल लाइन में FIR दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 663/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 319(2), 336(3), 340(2) और 351(3) के अंतर्गत केस दर्ज किया। इसके बाद आरोपी की तलाश शुरू की गई।

साइबर जांच से खुली फर्जी OSD की पोल
शिकायत मिलने के बाद रायपुर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले की जांच शुरू की। साइबर विंग ने जिस मोबाइल नंबर से धमकी भरा फोन आया था, उसका तकनीकी विश्लेषण किया। जांच में मोबाइल नंबर तेलीबांधा निवासी अखिलेश सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड पाया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
बहन का घर बसाने के लिए रचा फर्जीवाड़ा
पूछताछ में आरोपी अखिलेश सिंह ने स्वीकार किया कि प्रार्थी की पत्नी उसकी मुंहबोली बहन है। उसने बताया कि वह चाहता था कि दोनों पति-पत्नी के बीच सुलह हो जाए और उसकी बहन का घर बस जाए। इसी वजह से उसने खुद को मुख्यमंत्री का OSD बताकर जीजा को डराने की कोशिश की, ताकि वह पत्नी को वापस घर रख ले।

आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल फोन जब्त
पुलिस ने आरोपी अखिलेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा सरकारी पद का फर्जी इस्तेमाल कर धमकी देना गंभीर अपराध है और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

