Female BLO Fainted During SIR Survey In Bilaspur-
बिलासपुर सहित प्रदेशभर में मतदाता पुनरीक्षण (SIR) सर्वे तेजी से चल रहा है। सर्वे को समय पर पूरा करने के दबाव में अधिकारी-कर्मचारियों पर काम का बोझ काफी बढ़ गया है। हालात यह हैं कि रविवार अवकाश के दिन भी BLO स्कूलों में ड्यूटी करते नजर आए।
इसी दौरान तारबाहर के एक स्कूल में महिला सुपरवाइजर अचानक बेहोश होकर गिर गईं। उन्हें शिक्षकों व कर्मचारियों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया। बताया गया कि लगातार विभागीय और निर्वाचन कार्य के दबाव से उनका ब्लड प्रेशर बढ़ गया था।

कई कर्मचारी तनाव में, कार्रवाई की चेतावनी से बढ़ा दबाव
दरअसल, चुनाव आयोग ने मतदाता पुनरीक्षण के काम में तेजी लाने का निर्देश दिया है। साथ ही इस काम में लगे अधिकारी-कर्मचारियों को शत-प्रतिशत सर्वे करने के निर्देश दिए हैं। उनकी मॉनिटरिंग के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी व कलेक्टर सहित अन्य अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
इस काम में लापरवाही बरतने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई है। इसके चलते पुनरीक्षण के काम में लगे शिक्षक सहित अन्य विभागों के कर्मचारी मानसिक तनाव में आ गए हैं।
तारबाहर स्कूल में बेहोश होकर गिरीं सुपरवाइजर
घटना तारबाहर पानी टंकी के पास सरकारी स्कूल की है। रविवार को यहां 10 BLO ड्यूटी पर थीं। महिला एवं बाल विकास विभाग में पदस्थ सुपरवाइजर ई. गीता कृष्णन अचानक चक्कर खाकर गिर गईं।
शिक्षकों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया और परिजनों व अधिकारियों को सूचना दी।
परिजनों और सहकर्मियों के अनुसार लगातार काम के चलते उनका ब्लड प्रेशर बढ़ गया था। उनकी बेटी ने बताया कि लगातार तनाव और ओवरलोड की वजह से मां की तबीयत बिगड़ी। फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है और हालत सामान्य है।
कमिश्नर और कलेक्टर का निरीक्षण—फील्ड में SIR सर्वे की समीक्षा

संभागीय कमिश्नर सुनील जैन और कलेक्टर संजय अग्रवाल ने रविवार को बिलासपुर, बेलतरा और बिल्हा विधानसभा क्षेत्रों के कई मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने फील्ड स्तर पर पुनरीक्षण कार्य की प्रगति देखी और BLO को आवश्यक निर्देश दिए।
हिर्री की BLO और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गीता मरकाम ने कमिश्नर के सामने एक मिनट में गणना पत्रक का डिजिटाइज़ कर अपनी दक्षता दिखाई। जैन ने उनकी सराहना कर हौसला बढ़ाया।
बचे हुए मतदाताओं पर फोकस करने के निर्देश
अधिकारियों ने बताया कि अब सर्वे के अगले चरण में लोगों को दावा-आपत्ति का मौका मिलेगा। कलेक्टर ने BLO की समस्याएं सुनीं और उनका समाधान किया। उन्होंने कहा कि एक भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए।
पदयात्रा कर लोगों को किया जागरूक

निरीक्षण के दौरान कमिश्नर और कलेक्टर ने गोंडपारा क्षेत्र में पदयात्रा की और लोगों से गणना पत्रक सही समय पर जमा करने की अपील की। कई घरों में जाकर मतदाताओं को SIR अभियान के बारे में जानकारी दी गई।
राजनीतिक दलों के BLA उदासीन—निरीक्षण में एक भी उपस्थित नहीं
कमिश्नर और कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान शहर के गोंडपारा इलाके में पदयात्रा भी किया। साथ ही उन्होंने लोगों को इस अभियान के संबंध में जागरूक भी किया। कुछ बचे हुए मतदाताओं के घर पहुंचकर उन्हें जल्द गणना पत्रक भरकर जमा करने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान देखा गया कि इस अभियान में राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त BLA रुचि नहीं दिखा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान एक भी BLA नहीं मिले। कमिश्नर जैन ने कहा कि BLO उन्हें उपस्थिति के लिए लिखित में सूचना दें।
