Akhilesh Yadav targets bjp -अखिलेश यादव का नया नारा- ‘अवध में हराया, अब मगध में हराएंगे’, बिहार में गरमाई सियासत
बिहार विधानसभा चुनावों से ठीक पहले, ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव के साथ समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव की भी एंट्री हुई है। इस यात्रा में अखिलेश यादव ने खुली जीप पर सवार होकर जनसमर्थन जुटाया, जिससे सोशल मीडिया पर ‘तीन लड़कों की जोड़ी’ की चर्चा का दौर शुरू हो गया।
इस कार्यक्रम की तस्वीरें शेयर करते हुए अखिलेश यादव ने एक नया नारा दिया: “पहले अवध में हराया, अब मगध में हराएंगे!” अखिलेश के इस बयान ने बीजेपी पर सीधा हमला बोला है और बिहार की सियासत को गरमा दिया है।
तेजस्वी यादव के काम की तारीफ
‘वोटर अधिकार यात्रा’ के मंच से अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव दोनों ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर हमला बोला। इस दौरान, अखिलेश ने तेजस्वी यादव के काम की तारीफ की और दावा किया कि वे मिलकर बीजेपी को चुनाव से बाहर कर देंगे।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, “मैं तेजस्वी यादव को इस ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के लिए बधाई देता हूं। इस यात्रा से बिहार के लोगों को यह समझ में आ रहा है कि कैसे उनके अधिकार छीने जा रहे हैं। बिहार का यह संदेश पूरे देश में जाएगा।”
‘इस बार बिहार में सौहार्द की जीत होगी’
अखिलेश यादव ने आगे कहा, “इस बार बिहार में सौहार्द की जीत होगी। जनता भविष्य बनाने के लिए मतदान करेगी। तेजस्वी यादव ने पहले भी काम करके दिखाया है। एक समय ऐसा था, जब रिकॉर्ड संख्या में नौकरियां दी गई थीं। अब युवाओं को उम्मीद है कि तेजस्वी फिर सरकार में आएंगे, तो उन्हें रोजगार मिलेगा। इस बार रोजगार का पलायन नहीं, बल्कि बीजेपी का पलायन होगा।”

