
धमतरी (26 अप्रैल 2025)।
जिले के ग्राम पीपरछेड़ी में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश के चलते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे गांव में तनाव का माहौल बन गया। इस घटना में महिलाओं समेत 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद की शिकायत अर्जुनी थाने में दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि शिकायत की रंजिश में एक पक्ष ने शुक्रवार-शनिवार की रात हमला कर दिया। हमलावर लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे और विरोधी पक्ष पर हमला बोल दिया। संघर्ष के दौरान गांव में अफरातफरी मच गई। कई लोगों के सिर फूट गए, जबकि कुछ को हाथ-पैर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घायलों में कई महिलाएं भी शामिल हैं, जिन्हें जिला अस्पताल और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ बलवा (दंगा) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर गांव में शांति व्यवस्था बहाल करने की कोशिश की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था, लेकिन समय रहते कार्रवाई न होने के कारण मामला हिंसक हो गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए गांव में सतत निगरानी रखी जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।