
छत्तीसगढ़ निवेश 2025 के तहत राज्य एक उभरते निवेश गंतव्य के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुंबई में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आयोजित इन्वेस्टर मीट के दौरान देश-विदेश के कई प्रमुख उद्योग समूहों ने राज्य में निवेश की गहरी रुचि दिखाई। इस बैठक में इस्पात, वस्त्र, पर्यटन और स्वास्थ्य जैसे विविध क्षेत्रों में निवेश की कई बड़ी घोषणाएं की गईं।
देश के औद्योगिक मानचित्र पर छत्तीसगढ़ अब तेज़ी से एक प्रमुख निवेश हब के रूप में उभर रहा है। मुंबई में आयोजित इन्वेस्टर्स मीट के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात के दौरान कई नामी भारतीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने राज्य में निवेश करने की इच्छा जाहिर की।
1245 करोड़ के इस्पात संयंत्र की घोषणा
ग्रीनटेक सोल्युशंस के डायरेक्टर एम. प्रसाद रेड्डी ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि उनकी कंपनी 1245 करोड़ रुपये के निवेश से छत्तीसगढ़ में एक उन्नत इस्पात संयंत्र स्थापित करेगी। यह प्रोजेक्ट न केवल राज्य के औद्योगिक विकास को गति देगा बल्कि 500 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार भी प्रदान करेगा। रेड्डी ने छत्तीसगढ़ की नवीन औद्योगिक नीति 2024-30 की प्रशंसा करते हुए इसे निवेशकों के लिए उत्साहजनक बताया।
वस्त्र उद्योग को मिलेगा नया रूप
आईएनबीडी टेक्स, ललन ग्रुप और स्विफ्ट मर्चेंडाइज जैसी कंपनियों ने वस्त्र क्षेत्र में निवेश की इच्छा जताई है। नवा रायपुर में परिधान इकाई के लिए भूमि की मांग की गई है, जबकि ललन ग्रुप ने धागा और कपड़ा निर्माण में रुचि दिखाई है।
पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी को नया प्रोत्साहन
प्राइड होटल्स और औरिया ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड्स ने छत्तीसगढ़ की पर्यटन क्षमता को देखते हुए प्रीमियम और लक्ज़री हॉस्पिटैलिटी प्रोजेक्ट्स में निवेश का प्रस्ताव रखा है। औरिया ग्रुप के अधिकारी अक्षय कुलकर्णी ने कहा कि वे राज्य की प्राकृतिक खूबसूरती को विश्वस्तरीय लक्ज़री टूरिज्म से जोड़ना चाहते हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं में निवेश की नई दिशा
शाल्बी हॉस्पिटल के डायरेक्टर शनाए विक्रम शाह ने नवा रायपुर में एक मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना की योजना साझा की, जो स्वास्थ्य सुविधाओं को नई दिशा देगा।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी निवेशकों का स्वागत करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ देश का सबसे भरोसेमंद और सुविधाजनक निवेश स्थल बन चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शिता, सस्ती बिजली, कुशल मानव संसाधन और बेहतरीन लॉजिस्टिक्स की सुविधाएं प्रदान कर हर निवेशक को पूर्ण सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।