
Corona Updates -9 दिन में कोरोना केसों में 1300% उछाल: 48 घंटे में 21 मौतें, एक्टिव केस 3783 तक पहुंचे; बेंगलुरु में तीनों डोज लेने वाले मरीज की भी मौत
देश में एक बार फिर कोरोना वायरस संक्रमण तेजी से फैल रहा है। पिछले 9 दिनों में एक्टिव केसों की संख्या 257 से बढ़कर 3783 तक पहुंच गई है, जो लगभग 1300% की वृद्धि को दर्शाता है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, केरल में सबसे अधिक 1400, महाराष्ट्र में 485, और दिल्ली में 436 सक्रिय मामले दर्ज किए गए हैं।
कोरोना से 2 दिनों में 21 मौतें, कुल मृतकों की संख्या 28
जनवरी 2025 से अब तक देश में कोरोना वायरस से 28 लोगों की मौत हो चुकी है। हैरान करने वाली बात यह है कि इनमें से 21 मौतें सिर्फ पिछले 48 घंटों में हुई हैं। इससे पहले 30 मई तक कुल 7 मौतों की पुष्टि हुई थी।
31 मई को बेंगलुरु में 63 वर्षीय एक व्यक्ति की मृत्यु हुई, जिसे दोनों वैक्सीन डोज के साथ बूस्टर डोज भी दी गई थी। वहीं, दिल्ली में 60 साल के बुजुर्ग की मौत हुई। सबसे अधिक मौतें महाराष्ट्र और केरल में दर्ज की गईं, जहां 7-7 लोगों ने अपनी जान गंवाई।
सरकारों की सख्ती, कर्नाटक ने जारी की पब्लिक एडवाइजरी
कोरोना मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए कर्नाटक सरकार ने शनिवार को पब्लिक एडवाइजरी जारी की है। इसमें लोगों से भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर मास्क पहनने, शारीरिक दूरी बनाए रखने और साफ-सफाई का ध्यान रखने की अपील की गई है। बुखार, खांसी, सांस लेने में दिक्कत या सीने में दर्द जैसे लक्षणों पर तत्काल जांच कराने की सलाह दी गई है।
मिजोरम में 7 महीने बाद फिर से कोरोना केस
मिजोरम में लगभग 7 महीनों के बाद दो नए कोविड-19 केस सामने आए हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी है कि अक्टूबर 2024 में अंतिम बार संक्रमण के 73 केस दर्ज किए गए थे। नए मरीजों का इलाज फल्कोन स्थित जोरम मेडिकल कॉलेज (ZMCH) में किया जा रहा है।
IDSP (इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम) ने लोगों से घबराने के बजाय कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने, नियमित हाथ धोने, सैनिटाइज़र के इस्तेमाल और भीड़-भाड़ वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है।
महाराष्ट्र में 10 हजार से अधिक टेस्ट, मुंबई में 411 केस
महाराष्ट्र सरकार ने बताया कि शनिवार को 68 नए कोविड केस सामने आए। जनवरी 2025 से अब तक मुंबई में 411 केस दर्ज किए जा चुके हैं। राज्य में इस दौरान 10,324 कोविड टेस्ट किए गए, जिनमें से 681 पॉजिटिव निकले।
जम्मू-कश्मीर में भी कोविड के दो नए मामले सामने आए हैं। दोनों मरीज केरल निवासी हैं और श्रीनगर के गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज में पढ़ाई कर रहे हैं।
देश में मिले कोविड के 4 नए वैरिएंट: ICMR
कोविड मामलों में तेजी के बीच, देश में चार नए वैरिएंट की पुष्टि हुई है। ICMR के डायरेक्टर डॉ. राजीव बहल के मुताबिक, दक्षिण और पश्चिम भारत से मिले सैंपल्स में LF.7, XFG, JN.1, और NB.1.8.1 वैरिएंट पाए गए हैं।
डॉ. बहल ने कहा कि इन वैरिएंट्स को लेकर ज्यादा घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि मामले गंभीर नहीं हैं। WHO (विश्व स्वास्थ्य संगठन) ने भी इन्हें ‘वैरिएंट ऑफ इंटरेस्ट’ श्रेणी में रखा है, न कि चिंताजनक की श्रेणी में।
NB.1.8.1 वैरिएंट के A435S, V445H और T478I जैसे स्पाइक प्रोटीन म्यूटेशन इसे अन्य स्ट्रेन्स की तुलना में तेजी से फैलने वाला बनाते हैं, और ये पूर्व इम्यूनिटी से बच निकलते हैं।
JN.1 वैरिएंट भारत में सबसे आम
भारत में इस समय सबसे आम कोविड स्ट्रेन JN.1 है। टेस्टिंग में 50% से अधिक सैंपल्स में इसी वैरिएंट की पुष्टि हुई है। इसके बाद BA.2 (26%) और ओमिक्रॉन सबलाइनेज (20%) मामले मिल रहे हैं।
JN.1, BA.2.86 का एक स्ट्रेन है, जिसकी पहचान अगस्त 2023 में हुई थी। दिसंबर 2023 में WHO ने इसे ‘वैरिएंट ऑफ इंटरेस्ट’ घोषित किया था। इसमें लगभग 30 म्यूटेशन हैं जो इम्यून सिस्टम को कमजोर कर सकते हैं।
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के अनुसार, JN.1 वैरिएंट बहुत अधिक गंभीर नहीं है लेकिन अन्य वैरिएंट्स की तुलना में अधिक तेजी से फैलता है। इसके लक्षण कुछ दिनों से लेकर कई हफ्तों तक रह सकते हैं। लंबे समय तक लक्षण बने रहने की स्थिति को लॉन्ग कोविड कहा जाता है।
नगरी के 16 वर्षीय युवक की समुद्र में डूबने से मौत, उड़ीसा के पुरी में हुआ हादसा