
24 कैरेट गोल्ड 1 लाख- सोने की कीमतें नित नए रिकॉर्ड बना रही हैं। मंगलवार (22 अप्रैल) को सोना अपने ऑल टाइम हाई पर है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट गोल्ड की कीमत ₹97,560/10 ग्राम रहीं। जबकि, सोमवार को यह कीमतें 96,670 रुपए और उससे पहले ₹94,910 प्रति 10 ग्राम थीं।
गुडरिटर्न्स के अनुसार, मंगलवार, 22 अप्रैल को 24 कैरेट सोने (99.9% शुद्धता) की कीमत ₹10,135 प्रति ग्राम है। जबकि, 10 ग्राम गोल्ड ₹1,01,350 पर ट्रेड कर रहा है। यह पहला मौका है, जब भारत में सोने की कीमतें ₹1 लाख की सीमा को पार गई हैं। 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने की कीमतें क्रमशः ₹9,290 और ₹7,601 प्रति ग्राम रहीं। वैश्विक स्तर पर, हाजिर सोना 3,473.03 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया।
बेंगलुरू में सोमवार 21 अप्रैल को सोने की कीमतें 1 लाख के पार पहुंच गईं। 99.5 शुद्धता वाला मानक सोना यहां 1,0,2,000 रुपये प्रति 10 ग्राम बिका। जबकि, सजावटी सोना 9,285 रुपए प्रति ग्राम और चांदी हाजिर (.999 शुद्धता) 1,0,2,200 रुपए प्रति किलोग्राम बिकी।
Gold Price: पिछले 10 साल में जबरदस्त उछाल
पिछले 10 साल पर नजर डालें, 2016 में सोने की कीमत Rs.28,623.50 (प्रति 10 ग्राम-24 कैरट) थी। आज यानि मंगलवार (22 अप्रैल 2025) को सोने का भाव Rs.1,01,500 (प्रति 10 ग्राम-24 कैरट) है। इन 10 सालों में सोने की कीमतों में भारी उछाल आया है। लगभग 70 हजार रुपए से भी ज्यादा की वृद्धि हुई है। इस दशक को दो भागों में बांटकर देखें, तो पिछले 5 साल में 50 हजार से भी ज्यादा सोने के रेट बढ़े हैं। यानि, 2016 से 2020 के बीच लगभग 20 हजार रुपए बढ़े, जबकि 2021 से 2025 (22 अप्रैल) के दौरान 50 हजार रुपए कीमतें बढ़ीं।
112 दिन में 23,838 रुपए महंगा हुआ सोना
2025 में यानी 1 जनवरी से 22 अप्रैल तक 112 दिन में सोने की कीमतें 31.29 फीसदी बढ़ी हैं। 1 जनवरी 2025 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोने के दाम 76,162 रुपए थे, जो 22 अप्रैल 2025 को 23,838 रुपए बढ़कर 1 लाख के पार पहुंच गए। चांदी की कीमतों में भी इस दौरान 86,017 रुपए प्रति किलो से 9,883 रुपए बढ़कर 95,900 रुपए पर पहुंच गई।
क्यों महंगा हो रहा सोना?
बेंगलुरु के ज्वैलर्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष सुरेश कुमार गन्ना ने बताया कि वैश्विक अनिश्चितता और अमेरिकी डॉलर में लगातार गिरावट के चलते सोने की कीमतें बढ़ रही हैं। डोनाल्ड ट्रम्प की टैरिफ नीति और आर्थिक मंदी की आशंकाओं का असर भी देखने को मिल रहा है।
22 अप्रैल को सोने की कीमतें
आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, 22 अप्रैल को सुबह 9.10 बजे MCX पर सोने की कीमतें ₹1,621/10 ग्राम की वृद्धि के साथ ₹98,900 प्रति 10 ग्राम के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया। जबकि, MCX चांदी की कीमतें भी ₹508/किलोग्राम बढ़कर ₹95,755/किलोग्राम हो गईं हैं।
22 अप्रैल को चांदी की कीमतें
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 22 अप्रैल को सुबह 7 बजे 24 कैरेट सोने की कीमत ₹97,560/10 ग्राम थीं। जबकि, 22 कैरेट सोने की कीमत ₹89,430/10 ग्राम रहीं। इस दौरान चांदी की कीमतें ₹95,720/किलोग्राम (सिल्वर 999 फाइन) बिकी।
शहर | गोल्ड रेट | MCX सोना | चांदी की कीमतें | MCX सिल्वर 999 |
मुंबई | ₹97,380 | ₹98,900 | ₹95,540/ किलो | ₹95,755/ किलो |
चेन्नई | ₹94,750 | ₹98,900 | ₹95,460/ किलो | ₹95,755/ किलो |
कोलकाता | ₹94,350 | ₹98,900 | ₹95,820/किलो | ₹95,755/किलो |
हैदराबाद | ₹97,540 | ₹98,900 | ₹95,690/किलो | ₹95,755/किलो |
6 साल में 3 गुना महंगा हुआ सोना
जेजेजे ज्वैलर्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक दिनेश पगारिया के मुताबिक, गोल्ड ने पिछले 6 साल में तीन गुना रिटर्न दिया है। 2019 में 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमतें 35,000 रुपए के आसपास थीं। 2025 में यह तीन गुना बढ़कर करीब 1,03,000 लाख रुपए पहुंच गई हैं। इसमें जीएसटी और अन्य शुल्क शामिल नहीं है। उन्होंने कहा, इस साल के अंत तक सोने की कीमतें 25 प्रतिशत और बढ़ सकती हैं।